अलीगढ़ में स्कीम नंबर-15 के तहत अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान, स्लम बस्तियों में लोगों को किया सतर्क

अलीगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय लखनऊ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत 14 मई�को जनपद अलीगढ़ में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में किया गया।

इस दौरान प्रभारी अग्निशमन केंद्र अधिकारी बन्नादेवी, अतरौली, इगलास एवं खैर द्वारा जनपद के दुर्बल, निम्न आय वर्ग एवं स्लम (झोपड़पट्टी) क्षेत्रों में जाकर लोगों को आग से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने लकड़ी के चूल्हे से होने वाली आग, गैस सिलेंडर में लगे जीर्ण-क्षीर्ण पाइप और रेगुलेटर में लीकेज, पन्नी व फूस से बने अस्थायी निर्माणों में लूज विद्युत तारों से शार्ट सर्किट जैसी घटनाओं को लेकर लोगों को सतर्क किया।

टीम द्वारा बताया गया कि घरेलू स्तर पर छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए समय-समय पर गैस पाइप व रेगुलेटर की जांच कराना और बिजली के खुले तारों को सही कराना आवश्यक है।

अभियान के दौरान लोगों को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल सूचना देने एवं सुरक्षित तरीके से बचाव करने की जानकारी भी दी गई। अग्निशमन विभाग ने आमजन से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना दें और सतर्कता बरतें।