अलीगढ़ में फायर सर्विस का जागरूकता अभियान, झोपड़पट्टी क्षेत्रों में 123 लोगों को दी आग से बचाव की जानकारी

अलीगढ़। अपर पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी अलीगढ़ के आदेशानुसार जनपद में आग से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत संचालित किया गया।

अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 11 स्थानों पर फायर सर्विस स्टाफ द्वारा झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को आग से होने वाली दुर्घटनाओं के संभावित कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा कुल 123 व्यक्तियों को जागरूक किया गया।फायर विभाग द्वारा बताया गया कि झोपड़ियों में आग लगने की घटनाएं प्रायः लकड़ी के चूल्हे, कुकिंग गैस सिलेंडर/छोटे सिलेंडर, ढीले बिजली के तार, चूल्हे से उड़ने वाली चिंगारी, तथा सिलेंडर के जीर्ण-शीर्ण पाइप और रेगुलेटर में लीकेज के कारण होती हैं, जो कई बार गंभीर अग्निकांड का रूप ले लेती हैं।जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का और सुरक्षित होना चाहिए। साथ ही गैस सिलेंडर के पास आपात स्थिति में उपयोग के लिए एक बाल्टी पानी एवं दो भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखें।फायर विभाग ने लोगों से अपील की कि वे गैस पाइप और रेगुलेटर की नियमित जांच करें तथा किसी भी प्रकार की लीकेज की स्थिति में तुरंत सिलेंडर बंद कर सुरक्षित स्थान पर रखें। अभियान के दौरान पंपलेट भी वितरित किए गए तथा उसमें दिए गए निर्देशों को पढ़कर लोगों को आग से बचाव के उपाय समझाए गए।अग्निशमन विभाग ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे अभियानों में फायर वॉलिंटियर्स का सहयोग लेकर जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।