झोपड़पट्टियों में आग से बचाव को लेकर अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान

झोपड़पट्टियों में आग से बचाव को लेकर अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान

55 लोगों को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी, 7 स्थानों पर चला अभियान

अलीगढ़। 17 मई को जनपद अलीगढ़ में एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं एसएसपी के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में आग से बचाव हेतु स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जिले के सभी अग्निशमन केंद्र प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत 07 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान फायर सर्विस स्टाफ द्वारा कुल 55 व्यक्तियों को झोपड़ियों में लगने वाली आग के संभावित कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा झोपड़पट्टी में रहने वाले लोगों को बताया गया कि लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर एवं छोटे सिलेंडरों के कारण आग लगने की घटनाएं अक्सर होती हैं। साथ ही लूज वायरिंग, चूल्हे से निकलने वाली चिंगारी, तथा गैस सिलेंडर में लगे जीर्ण-क्षीर्ण पाइप व रेगुलेटर में लीकेज के कारण गंभीर अग्निकांड होने की संभावना बनी रहती है।

अग्निशमन विभाग द्वारा जागरूकता के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का होना चाहिए। इसके साथ ही गैस सिलेंडर के पास एक कोने में 02 भीगे हुए टाट के बोरे अवश्य रखें ताकि आपात स्थिति में तुरंत आग पर नियंत्रण किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान फायर वॉलिंटियर का भी सहयोग लिया गया तथा लोगों को पंपलेट वितरित किए गए। पंपलेट में दिए गए बिंदुओं को पढ़कर उपस्थित लोगों को आग से बचाव के बारे में विस्तार से समझाया गया।

अग्निशमन विभाग ने आमजन से अपील की है कि सतर्कता बरतकर आग जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है और छोटी सावधानियां बड़े हादसे को टाल सकती हैं।

मुकेश कुमार मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अलीगढ़