मां वैष्णो देवी यात्रा सुहाने मौसम में जारी, हल्की बारिश ने श्रद्धालुओं को गर्मी से दिलाई राहत

कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा इन दिनों सुहाने मौसम के बीच लगातार जारी है। शनिवार को कटड़ा में दिन की शुरुआत तेज धूप और गर्मी के साथ हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने राहत भरा रुख अपनाया। आसमान में बादल छाने के बाद हुई हल्की बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे यात्रा मार्ग पर चल रहे हजारों श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली।

हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलते वातावरण खुशनुमा हो गया, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। जय माता दी के जयकारों के साथ श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से भवन की ओर बढ़ते नजर आए। मौसम में बदलाव के बावजूद यात्रा पूरी तरह सामान्य रही और व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहीं।

हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय बाधित, यात्रा पर असर नहीं मौसम में बदलाव के दौरान तेज हवाएं चलने के कारण कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय के लिए बाधित रही, लेकिन कुछ ही देर बाद स्थिति सामान्य हो गई। वहीं यात्रा मार्ग पर घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं लगातार उपलब्ध रहीं, जिससे बुजुर्ग, बच्चे और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह मौसम सुहावना होने के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली। मां वैष्णो देवी के दर्शन कर श्रद्धालु सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते नजर आए। कई श्रद्धालु परंपरा के अनुसार भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी शीश नवाते दिखाई दिए।

कटड़ा बाजारों में भी बढ़ी रौनक दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ कटड़ा बाजारों में भी देखने को मिली। हल्की बारिश के बाद मौसम खुशनुमा होने से बाजारों में रौनक बढ़ गई। श्रद्धालुओं ने प्रसाद, धार्मिक सामग्री और स्थानीय उत्पादों की जमकर खरीदारी की।

26 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण श्राइन बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार 25 अप्रैल को शाम 7 बजे तक करीब 26 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कर यात्रा शुरू कर दी थी। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है और मौसम अनुकूल होने के कारण आने वाले दिनों में यात्रा में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

व्यवस्थाएं चाक-चौबंद गर्मी और बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, शेड, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहे।