रावी पुल संख्या-17 का हाई-लेवल निरीक्षण, जम्मू रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई मजबूती

रावी पुल संख्या-17 का हाई-लेवल निरीक्षण, जम्मू रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी नई मजबूती

मरम्मत कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश

जम्मू रेलवे द्वारा यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में 24 अप्रैल को जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार,उत्तर रेलवे के रेल सुरक्षा आयुक्त दिनेश चंद देशवाल तथा USBRL परियोजना के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आलोक मिश्रा, सीनियर डीईएन शुभम पवार ने कठुआ (जम्मू-कश्मीर) और माधोपुर (पंजाब) के बीच रावी नदी पर स्थित रेल पुल संख्या 17 का व्यापक सुरक्षा एवं तकनीकी निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2025 की भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए इस महत्वपूर्ण पुल पर चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लेना तथा सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करना था।

निरीक्षण के प्रमुख बिंदु

  • पुल के पिलर और नींव की मजबूती का विस्तृत आकलन
  • पुल की भार वहन क्षमता और दीर्घकालिक स्थिरता की गहन जांच
  • पुल के ऊपर एवं आसपास ट्रैक की ज्यामिति और स्लीपरों की स्थिति की समीक्षा
  • आधुनिक सिग्नलिंग प्रणालियों के परीक्षण पर विशेष जोर
  • आपातकालीन परिस्थितियों हेतु सुरक्षा उपकरणों एवं बचाव तंत्र की जांच
  • मानसून व मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए विशेष सतर्कता के निर्देश

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल पर शेष तकनीकी कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण खंड पर रेल परिचालन पूरी तरह सुरक्षित रहे और कश्मीर घाटी को जोड़ने वाली रेल सेवाओं में निरंतरता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान जम्मू मंडल के सीनियर डीईएन शुभम पवार व वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल