जम्मू मंडल में पार्सल ट्रांस-शिपमेंट की अनुमति, व्यापारियों को बड़ी राहत

जम्मू मंडल में पार्सल ट्रांस-शिपमेंट की अनुमति, व्यापारियों को बड़ी राहत

नई नीति से अब बिना सीधी ट्रेन के भी आसानी से पहुंचेगा माल

जम्मू। रेलवे बोर्ड द्वारा लागू की गई नई पार्सल ट्रांस-शिपमेंट नीति के तहत उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल को माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी सफलता मिली है। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद अब जम्मू मंडल के अधिसूचित स्टेशनों पर एक ट्रेन से दूसरी ट्रेन में पार्सल स्थानांतरित करने (ट्रांस-शिपमेंट) की अनुमति मिल गई है। इससे माल की आवाजाही में लगने वाला समय काफी कम हो गया है और व्यापारी वर्ग को बड़ी राहत मिली है।

नई नीति के तहत अब ऐसे गंतव्य स्टेशनों के लिए भी पार्सल बुकिंग संभव हो गई है, जहां सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। पहले यदि जम्मू से कन्याकुमारी जैसे दूरस्थ स्थान पर पार्सल भेजना होता था तो यह तभी संभव था जब दोनों स्थानों के बीच सीधी ट्रेन चलती हो। लेकिन अब नई व्यवस्था के अनुसार पार्सल को एक जंक्शन स्टेशन पर उतारा जाएगा और वहां से दूसरी ट्रेन द्वारा उसे गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नीति से पार्सल की डिलीवरी में तेजी आई है, जिससे व्यापारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों को समय पर माल आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। पहले ट्रांस-शिपमेंट की अनुमति न होने के कारण पार्सल को एक ट्रेन से दूसरी ट्रेन में स्थानांतरित नहीं किया जा सकता था, जिससे कई बार देरी होती थी। अब विशिष्ट स्टेशनों पर विशेष पार्सल ट्रेनों और लीज पर ली गई पार्सल वैन के बीच माल का स्थानांतरण संभव हो गया है।

यह नीति विशेष रूप से फल, सब्जियां और अन्य समय-संवेदनशील वस्तुओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे सड़क परिवहन की तुलना में व्यापारियों को रेल मार्ग से एक सस्ता और तेज विकल्प मिल रहा है। वहीं छोटे व्यापारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए अब छोटे स्टेशनों तक भी माल पहुंचाना आसान और किफायती हो गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य ?ईज ऑफ डूइंग बिजनेस? को बढ़ावा देना और रेलवे के राजस्व में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि पहले इस प्रतिबंध के कारण व्यापारियों को लॉजिस्टिक बाधाओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस सुधार से पूरी सप्लाई चेन अधिक सरल और सुगम हो गई है।

रेलवे प्रशासन ने जम्मू मंडल के व्यापारियों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल