बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का किया फायर ऑडिट! सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय....

बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का किया फायर ऑडिट

78 लोगों को किया गया जागरूक, 5 स्थानों पर चला निरीक्षण अभियान

बिजनौर। महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के आदेशानुसार जनपद बिजनौर में स्कीम संख्या-03 के तहत विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 25 अप्रैल को संचालित किया गया, जिसके अंतर्गत जिले में विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होम्स एवं चिकित्सा संस्थानों का अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा कुल 5 स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें 78 व्यक्तियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं आपातकालीन निकासी प्रबंधन की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अथर आई हॉस्पिटल किरतपुर, देव नर्सिंग होम हरिद्वार रोड नजीबाबाद तथा पूजा हॉस्पिटल हरिद्वार रोड नजीबाबाद सहित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का फायर ऑडिट किया गया।

अग्निशमन टीम ने अस्पताल एवं नर्सिंग होम संचालकों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील अवस्था में रखा जाए और समय-समय पर उनका अनुरक्षण कराया जाए। साथ ही स्टाफ को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी एवं प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में प्रशिक्षण व जागरूकता प्रदान की गई।

अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को रोका जा सके।