समय रहते बुझाई आग, नजीबाबाद रेलवे परिसर में बड़ा हादसा टला

समय रहते बुझाई आग, नजीबाबाद रेलवे परिसर में बड़ा हादसा टला

अग्निशमन विभाग ने समय रहते आग पर पाया काबू, कॉलोनी व कार्यालय सुरक्षित

बिजनौर। नजीबाबाद रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित सिग्नल स्टोर क्षेत्र (आदर्श नगर कॉलोनी) में सोमवार को प्लास्टिक के पाइपों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना 20 अप्रैल को दोपहर 14:54 बजे की बताई जा रही है। आग रेलवे परिसर में रखे प्लास्टिक के पाइपों और पुराने लोहे के सामान में लगी थी, जो तेजी से फैलने लगी।

सूचना मिलते ही सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन विभाग की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और मोटर फायर इंजन की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाना आसान नहीं था, लेकिन फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कठिन परिश्रम करते हुए और सामग्री को कुरेद-कुरेद कर आग को पूरी तरह बुझा दिया।

अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग को आगे फैलने से रोक लिया गया, जिससे पास ही स्थित आवासीय कॉलोनी, रेलवे कार्यालय तथा स्वास्थ्य निरीक्षक उत्तर रेलवे नजीबाबाद का परिसर पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया।

इस घटना में प्लास्टिक के पाइपों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।