अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026: बिजनौर में लगातार चलाया जा रहा जन-जागरूकता अभियान

अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026: बिजनौर में लगातार चलाया जा रहा जन-जागरूकता अभियान

बैंकों, स्कूलों, पेट्रोल पंपों, बाजारों व ग्रामीण क्षेत्रों में मॉक ड्रिल व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

बिजनौर। अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह अभियान महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी बिजनौर के दिशा-निर्देशन में जिले के समस्त प्रभारी अग्निशमन केंद्रों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत भूखंडीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सभागारों, स्थानीय बाजारों तथा ग्रामीण अंचलों में जाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों के रखरखाव, उपकरणों के सही उपयोग का प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल/एवैक्यूशन अभ्यास एवं अग्नि सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर पंपलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।

अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रतिष्ठानों पर जाकर अग्नि सुरक्षा संबंधी निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम किए गए। इनमें उत्तर प्रदेश प्रथमा ग्रामीण बैंक नजीबाबाद, गोल्डन जुबली फ्यूल स्टेशन नजीबाबाद, किसान सहकारी चीनी मिल स्नेह रोड नजीबाबाद, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड 132 केवी विद्युत उपकेंद्र रायपुर रोड नजीबाबाद, बाबा कॉम्प्लेक्स हरिद्वार रोड नजीबाबाद, राजपूताना रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट हॉल शेरकोट रोड धामपुर, होटल वैलिना स्टेशन रोड धामपुर, रौनक नर्सिंग होम धामपुर रोड नगीना, इंडियन हैंडीक्राफ्ट नगीना, फरहान हैंडीक्राफ्ट अकबराबाद रोड नगीना सहित कई स्थान शामिल रहे।

इसके अलावा जिले के स्कूलों में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सेंट मैरी पब्लिक स्कूल नजीबाबाद रोड बिजनौर, सई शिक्षा सदन पब्लिक स्कूल आवास विकास बिजनौर, सिटी पब्लिक स्कूल सीआऊ रोड चांदपुर तथा प्राथमिक विद्यालय सिआऊ चांदपुर में बच्चों एवं स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। वहीं मित्तल पेट्रोल पंप बैराज रोड बिजनौर पर भी अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा बताया गया कि आग की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। समय रहते सुरक्षा उपाय अपनाकर और प्रशिक्षण के माध्यम से बड़े हादसों को रोका जा सकता है। अग्निशमन विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

डॉ. आर.के. पाण्डेय, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, बिजनौर