ऐतिहासिक उपलब्धि: जम्मू मंडल ने बांद्रा टर्मिनस के लिए बुक किए 28 पार्सल वेन

ऐतिहासिक उपलब्धि: जम्मू मंडल ने बांद्रा टर्मिनस के लिए बुक किए 28 पार्सल वेन

जम्मू,कश्मीर के चेरी उत्पादकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने वर्ष 2026 के चेरी सीजन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जम्मू मंडल ने बांद्रा टर्मिनस के लिए चेरी परिवहन हेतु कुल 28 पार्सल वेन के मांगपत्र बुक किए हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक पार्सल वेन की क्षमता 23 टन है। वर्तमान में चेरी के लिए पार्सल वेन मांगपत्र की प्रक्रिया जारी है।

इस बार की बुकिंग पिछले सीजन की तुलना में लगभग 100% अधिक है। उपयोगकर्ता द्वारा सभी 28 मांगपत्र पंजीकृत कर लिए गए हैं।

बताया गया कि यह मांगपत्र 25 मई से 10 जुलाई के बीच जम्मू और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से चेरी लोड कर बांद्रा टर्मिनस तक भेजने के लिए हैं।

कहां से कितने मांगपत्र बुक हुए

जम्मू से बांद्रा टर्मिनस तक: 7 मांगपत्र

कटरा से बांद्रा टर्मिनस तक: 21 मांगपत्र

पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में चेरी परिवहन के लिए 14 पार्सल वेन बुक हुए थे, जिन्हें ट्रेन संख्या 12472 के माध्यम से कटरा से बांद्रा टर्मिनस तक भेजा गया था।

रेलवे का दावा: 30-33 घंटे में पहुंचेगी चेरी

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि वर्ष 2026 जम्मू मंडल के लिए ऐतिहासिक रहेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे का उद्देश्य कश्मीर के बागवानों को सड़क मार्ग की अनिश्चितताओं से मुक्त सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधा देना है।

उन्होंने बताया कि चेरी जैसे जल्दी खराब होने वाले फल 30 से 33 घंटे के भीतर ताजगी के साथ गंतव्य तक पहुंचाए जाएंगे।

रेलवे की यह पहल कश्मीर के किसानों और बागवानों के लिए आर्थिक प्रगति का मील का पत्थर साबित हो सकती है।

राघवेंद्र सिंह जनसंपर्क निरीक्षक जम्मू मंडल