अकान्शु गोविल ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर, कानपुर का कार्यभार संभाला

कानपुर। उत्तर मध्य रेलवे में हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत श्री अकान्शु गोविल ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर, कानपुर के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

अकान्शु गोविल भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के 2012 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।

अपने सेवा काल में उन्होंने रेल परिचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, आगरा तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, प्रयागराज जैसे अहम दायित्व निभा चुके हैं और व्यापक प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया है।

उल्लेखनीय है कि श्री गोविल ने 2019 कुंभ एवं 2025 महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में रेल परिचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें रेलमंत्री पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, कानपुर में तीन वर्षों तक प्रतिनियुक्ति पर कार्य किया और वर्ष 2021 में कानपुर मेट्रो के संचालन में भी अहम योगदान दिया।

उत्तर मध्य रेलवे में उनके कार्यभार ग्रहण करने से कानपुर स्टेशन की यातायात व्यवस्था एवं संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।