प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, 72 ट्रेनों में चला विशेष निरीक्षण

प्रयागराज मंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, 72 ट्रेनों में चला विशेष निरीक्षण

1413 यात्रियों पर कार्रवाई, 9.24 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और टिकट रहित व अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियानों का हिस्सा रहा।

मंडल प्रशासन द्वारा बताया गया कि 10 अप्रैल को मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल के सुपरविजन में प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों और 72 से अधिक ट्रेनों में व्यापक स्तर पर टिकट जांच की गई। इस दौरान टिकट जांच स्टाफ ने बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों, धूम्रपान करने वालों और बिना बुकिंग लगेज ले जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

अभियान के दौरान कुल 1413 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के तहत प्रभारित किया गया और उनसे कुल 9,24,590 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसमें?

645 बिना टिकट यात्रियों से 5,35,170 रुपये

757 अनियमित यात्रियों से 3,88,220 रुपये

11 यात्रियों से धूम्रपान व गंदगी फैलाने पर 1200 रुपये

रेल प्रशासन के अनुसार यह अभियान न केवल राजस्व वृद्धि में सहायक रहा, बल्कि रेलवे परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ ही सफर करें, नियमों का पालन करें और स्टेशन व ट्रेन में स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया कि कूड़ा-कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।

प्रयागराज मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुखद यात्रा के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल