iGOT कर्मयोगी भारत साधना सप्ताह में उत्तर मध्य रेलवे का शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान

प्रयागराज। iGOT कर्मयोगी भारत के अंतर्गत आयोजित साधना सप्ताह (02 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026) के दौरान हुए नेशनल लर्निंग वीक में उत्तर मध्य रेलवे के मंडलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से उत्तर मध्य रेलवे ने प्रशिक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, कार्यक्षमता और मानव संसाधन विकास में अग्रणी भूमिका को एक बार फिर साबित किया है।

इस अभियान के तहत उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों ने कर्मचारियों को निर्धारित 4 घंटे का प्रशिक्षण कोर्स पूर्ण कराने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

झांसी मंडल ने कार्यरत कर्मचारियों के प्रतिशत के आधार पर सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए 77.44% कर्मचारियों द्वारा 4 घंटे का कोर्स पूरा कराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि मंडल में प्रशिक्षण जागरूकता एवं प्रभावी कार्यान्वयन को दर्शाती है।

वहीं प्रयागराज मंडल ने सर्वाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए 15,347 कर्मचारियों द्वारा 4 घंटे का प्रशिक्षण कोर्स पूर्ण कराकर प्रथम स्थान हासिल किया। यह सफलता बड़े स्तर पर प्रशिक्षण प्रबंधन और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

उत्तर मध्य रेलवे एवं झांसी मंडल के इस शानदार प्रदर्शन को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देते हुए 17 अप्रैल 2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे एवं झांसी मंडल को सम्मानित किया जाएगा।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में मिली इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, समर्पण और बेहतर समन्वय के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने इसे संगठन की मजबूत कार्य संस्कृति और निरंतर सीखने की भावना का प्रतीक बताया।

उत्तर मध्य रेलवे परिवार के सभी सदस्यों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।