प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य शुरू, पार्किंग व्यवस्था अस्थायी रूप से रहेगी बंद

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के तहत अब सिटी साइड पर भी निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। रेल प्रशासन के अनुसार यह कार्य 15 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाना प्रस्तावित है।

निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही यात्रियों एवं आमजन को सूचित किया गया है कि 15 अप्रैल 2026 से अग्रिम आदेश तक सिटी साइड पर स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग सुविधा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यानी इस अवधि में सिटी साइड पर किसी भी प्रकार के वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बताया कि सिविल लाइंस साइड पर समुचित एवं सुव्यवस्थित वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। जिन यात्रियों को अपने वाहन पार्क करने की आवश्यकता है, वे सिविल लाइंस साइड पर उपलब्ध इस वैकल्पिक पार्किंग सुविधा का उपयोग कर सकते हैं।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि वे इस दौरान सहयोग करें और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था का प्रयोग करें।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि सिटी साइड पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। जैसे ही उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित होगी, सिटी साइड पर यातायात एवं पार्किंग सुविधा पुनः शुरू कर दी जाएगी।