प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य शुरू, 15 अप्रैल से पार्किंग रहेगी प्रतिबंधित

प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड पर पुनर्विकास कार्य शुरू, 15 अप्रैल से पार्किंग रहेगी प्रतिबंधित

रेल प्रशासन ने सिविल लाइंस साइड पर बनाई वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था, यात्रियों से सहयोग की अपील

प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के तहत अब स्टेशन के सिटी साइड पर भी निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। रेल प्रशासन के अनुसार यह कार्य 15 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाना प्रस्तावित है।

निर्माण कार्य प्रारंभ होने के साथ ही 15 अप्रैल 2026 से अग्रिम आदेश तक प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग सुविधा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन को सिटी साइड पर पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिविल लाइंस साइड पर एक समुचित और सुव्यवस्थित वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की है। जिन यात्रियों को अपने वाहन स्टेशन पर पार्क करने की आवश्यकता होगी, वे इस वैकल्पिक पार्किंग सुविधा का उपयोग कर सकेंगे।

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं आमजन से अनुरोध किया है कि वे पुनर्विकास कार्य के दौरान सहयोग करें और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों एवं वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करें।

रेलवे ने यह भी बताया कि सिटी साइड पर वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। जैसे ही वहां उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित हो जाएगी, सिटी साइड पर यातायात और पार्किंग सुविधा को पुनः शुरू कर दिया जाएगा।

यह जानकारी अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल द्वारा दी गई।