ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे का बड़ा फैसला, 5 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 2 की अवधि बढ़ी

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके साथ ही कुछ विशेष ट्रेनों की अवधि में विस्तार भी किया गया है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और अतिरिक्त यात्री दबाव को सुचारू रूप से संभाला जा सके।

रेलवे द्वारा यशवंतपुर से दानापुर के बीच विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। गाड़ी संख्या 06579 यशवंतपुर-दानापुर एक्सप्रेस विशेष ट्रेन सोमवार को 20 अप्रैल 2026 को एक फेरे के लिए संचालित होगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 06580 दानापुर-बेंगलोर कैंट एक्सप्रेस विशेष ट्रेन गुरुवार को 23 अप्रैल 2026 को एक फेरे के लिए चलाई जाएगी। इस ट्रेन में 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन यशवंतपुर से चलकर यहंलका, हिंदुपुर, धर्मावरम, डोन, महबूबनगर, काचेगुडा, काजीपेट, रामगुंडम, बल्हारशाह, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा होते हुए दानापुर पहुंचेगी।

इसके अलावा रेलवे ने खातीपुरा से हावड़ा के बीच भी साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-हावड़ा विशेष ट्रेन मंगलवार को दिनांक 07 अप्रैल 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक कुल 2 फेरे तथा 21 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक 11 फेरे संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09710 हावड़ा-खातीपुरा विशेष ट्रेन बुधवार को 08 अप्रैल 2026 को एक फेरे तथा 15 अप्रैल 2026 से 01 जुलाई 2026 तक कुल 12 फेरे चलायी जाएगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिसमें एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य तथा एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। यह ट्रेन खातीपुरा से चलकर बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय, भाबुआ रोड, सासाराम, देहरी ऑन सोन, गया, कोडेरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बंदेल होते हुए हावड़ा पहुंचेगी।

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने जबलपुर से अयोध्या धाम के बीच भी साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 01705 जबलपुर-अयोध्या धाम विशेष ट्रेन मंगलवार को 21 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक कुल 13 फेरे चलायी जाएगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01706 अयोध्या धाम-जबलपुर विशेष ट्रेन बुधवार को 22 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 13 फेरे संचालित होगी। इस ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य और एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन जबलपुर से चलकर सिहोरा रोड, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर जंक्शन होते हुए अयोध्या धाम पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त भगत की कोठी से दानापुर के बीच भी साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलायी जाएगी। गाड़ी संख्या 04813 भगत की कोठी-दानापुर विशेष ट्रेन बुधवार को 08 अप्रैल 2026 को एक फेरे तथा 15 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026 तक कुल 14 फेरे संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04814 दानापुर-भगत की कोठी विशेष ट्रेन गुरुवार को 09 अप्रैल 2026 को एक फेरे तथा 16 अप्रैल 2026 से 16 जुलाई 2026 तक 14 फेरे चलाई जाएगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य और एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन भगत की कोठी से चलकर जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कूचामन सिटी, नावा सिटी, फुलेरा, जयपुर, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर, सूबेदारगंज, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा होते हुए दानापुर पहुंचेगी।

रेलवे ने उधना से मालदा टाउन के बीच भी विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। गाड़ी संख्या 09033 उधना-मालदा टाउन विशेष ट्रेन गुरुवार को अप्रैल से जुलाई 2026 तक कुल 16 फेरे संचालित होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09034 मालदा टाउन-उधना विशेष ट्रेन रविवार को इसी अवधि में कुल 16 फेरे चलाई जाएगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी तृतीय, स्लीपर, सामान्य और एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। यह ट्रेन उधना से चलकर नंदूरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, जमालपुर, भागलपुर, साहिबगंज, बरहरवा, न्यू फरक्का होते हुए मालदा टाउन पहुंचेगी।

वहीं यात्रियों की मांग और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने कुछ विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि में भी विस्तार किया है। गाड़ी संख्या 07337/07338 हुब्बल्लि-गाजीपुर सिटी-हुब्बल्लि विशेष ट्रेन की अवधि बढ़ाते हुए इसे 06 अप्रैल 2026 से 13 अप्रैल 2026 तथा 20 अप्रैल 2026 से 27 अप्रैल 2026 तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 07315/07316 हुब्बल्लि-मुजफ्फरपुर-हुब्बल्लि विशेष ट्रेन की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है। यह ट्रेन अब 08 अप्रैल 2026 को एक फेरा तथा 15 अप्रैल 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक तीन फेरे संचालित की जाएगी, जबकि वापसी में 18 अप्रैल 2026 से 02 मई 2026 तक तीन फेरे चलाए जाएंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन विशेष ट्रेनों का लाभ उठाएं तथा यात्रा से पूर्व समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करते हुए यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।