उत्तर पश्चिम रेलवे के तीन अधिकारियों को लेवल-16 में नियुक्ति, राजीव श्रीवास्तव और अनिल कुमार जैन बने महाप्रबंधक

जयपुर। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को लेवल-16 में नियुक्ति प्रदान की गई है। गुरुवार को रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेश के अनुसार उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण के पद पर कार्यरत राजीव श्रीवास्तव को मध्य रेलवे (मुंबई) में महाप्रबंधक (General Manager) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर के रूप में कार्यरत अनिल कुमार जैन को दक्षिण पूर्व रेलवे (कोलकाता) में महाप्रबंधक पद पर तैनात किया गया है।

इसके अलावा उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रमुख वित्त सलाहकार के पद पर कार्यरत गीतिका पाण्डेय को रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) के पद पर नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि गीतिका पाण्डेय इस पैनल में एकमात्र महिला अधिकारी हैं जिन्हें लेवल-16 प्रदान किया गया है। उन्होंने इससे पूर्व उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में डीआरएम के पद पर भी सेवाएं दी हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह नियुक्तियां वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यकुशलता और अनुभव को देखते हुए की गई हैं। नई नियुक्तियों से संबंधित जोनल रेलवे में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।