उत्कृष्ट कार्य के लिए जोधपुर रेल मंडल के दो रेलकर्मी ‘माह का कर्मचारी’ सम्मान से सम्मानित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को माह का कर्मचारी (Employee of the Month) सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा जनवरी एवं फरवरी 2026 के लिए चयनित दो रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रदान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी 2026 के लिए ?माह का कर्मचारी? के रूप में निर्मल सीरवी, वरिष्ठ लिपिक (कार्मिक विभाग), जोधपुर का चयन किया गया है। उन्होंने अपने कार्य के प्रति समर्पण, दक्षता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ महत्वपूर्ण विभागीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। भर्ती प्रक्रियाओं सहित अन्य कार्यों में उनके द्वारा पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की गई, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली बेहतर रूप से संचालित हुई।

वहीं फरवरी 2026 के लिए माह का कर्मचारी सम्मान लाला राम मीणा, ट्रैक मेंटेनर-I, इंजीनियरिंग विभाग (नोखा) को प्रदान किया गया। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ट्रैक मेंटेनेंस, स्लिपर परिवर्तन, केबल मार्किंग एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को उन्होंने पूरी निष्ठा से संपन्न किया, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा एवं गुणवत्ता में उल्लेखनीय योगदान मिला।

मंडल रेल प्रबंधक ने दोनों कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य कर्मचारियों से भी प्रेरणा लेकर बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्रीचंद पूनिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।