समदड़ी स्टेशन पर एफओबी निर्माण कार्य में तेजी, 15 से 20 अप्रैल के बीच होगा गर्डर लॉन्चिंग

समदड़ी स्टेशन पर एफओबी निर्माण कार्य में तेजी, 15 से 20 अप्रैल के बीच होगा गर्डर लॉन्चिंग

रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक पाथवे उपयोग करने की अपील की

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत समदड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। रेलवे प्रशासन के अनुसार परियोजना के तहत गर्डर की प्लेसिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इसके बाद सोमवार को गर्डर को प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर सुरक्षित रूप से शिफ्ट कर दिया गया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एफओबी निर्माण कार्य को तेज गति से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान सभी सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

डीआरएम ने बताया कि अब परियोजना का अगला और महत्वपूर्ण चरण गर्डर लॉन्चिंग का है, जिसे 15 से 20 अप्रैल 2026 के बीच प्रस्तावित किया गया है। यह कार्य निर्धारित ट्रैफिक ब्लॉक एवं एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) की उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा।

रेल प्रशासन का कहना है कि एफओबी निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

यात्रियों से अपील

निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा कारणों से कार्य क्षेत्र को प्रतिबंधित किया गया है। प्लेटफॉर्म परिवर्तन के लिए बाड़मेर साइड पर वैकल्पिक पाथवे की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें तथा ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने से बचें, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना न रहे।

क्या होता है गर्डर लॉन्चिंग?

गर्डर लॉन्चिंग एक जटिल इंजीनियरिंग प्रक्रिया होती है, जिसमें भारी स्टील या कंक्रीट संरचनाओं (गर्डर) को क्रेन या विशेष लॉन्चिंग उपकरणों की मदद से निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाता है। इस दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है और कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए रेल संचालन को आंशिक रूप से नियंत्रित भी किया जाता है।

रेल प्रशासन ने बताया कि समदड़ी स्टेशन पर एफओबी निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।