समदड़ी स्टेशन पर एफओबी निर्माण कार्य में तेजी, 15 से 20 अप्रैल के बीच होगा गर्डर लॉन्चिंग

समदड़ी स्टेशन पर एफओबी निर्माण कार्य में तेजी, 15 से 20 अप्रैल के बीच होगा गर्डर लॉन्चिंग

रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक पाथवे के उपयोग की अपील की

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत समदड़ी रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का कार्य तेज गति से प्रगति पर है। रेलवे प्रशासन द्वारा परियोजना के तहत गर्डर की प्लेसिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इसके बाद सोमवार को गर्डर को प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर सुरक्षित रूप से शिफ्ट कर दिया गया।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एफओबी निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। साथ ही कार्य के दौरान सभी सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

डीआरएम ने जानकारी दी कि एफओबी निर्माण का अगला महत्वपूर्ण चरण गर्डर लॉन्चिंग का है, जिसे 15 से 20 अप्रैल 2026 के बीच प्रस्तावित किया गया है। यह कार्य निर्धारित ट्रैफिक ब्लॉक तथा एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) की उपलब्धता के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार एफओबी का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे ट्रैक पार करने जैसी जोखिमपूर्ण स्थिति से भी बचा जा सकेगा।

यात्रियों से अपील

निर्माण कार्य के चलते सुरक्षा की दृष्टि से कार्य क्षेत्र को प्रतिबंधित किया गया है। प्लेटफॉर्म परिवर्तन हेतु बाड़मेर साइड पर वैकल्पिक पाथवे की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें और ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने से बचें, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना न रहे।

क्या होता है गर्डर लॉन्चिंग?

गर्डर लॉन्चिंग एक जटिल इंजीनियरिंग प्रक्रिया है, जिसमें भारी स्टील या कंक्रीट संरचनाओं (गर्डर) को क्रेन अथवा विशेष लॉन्चिंग उपकरणों की सहायता से निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाता है। इस दौरान रेलवे द्वारा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है और कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए रेल संचालन को आंशिक रूप से नियंत्रित किया जाता है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का पालन करें, जिससे एफओबी निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।