प्रयागराज जंक्शन पर संरक्षा प्रदर्शनी का शुभारंभ, यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

प्रयागराज जंक्शन पर संरक्षा प्रदर्शनी का शुभारंभ, यात्रियों को किया जा रहा जागरूक

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने किया उद्घाटन, छोटी सावधानियों से बच सकती है बड़ी दुर्घटना

प्रयागराज। रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रयागराज मंडल द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।प्रयागराज जंक्शन पर संरक्षा विषयों पर आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार, स्टेशन निदेशक वी.के. द्विवेदी सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक करना है, ताकि सम्मानित यात्री छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर अपने बहुमूल्य जीवन की रक्षा कर सकें। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि यात्रियों की छोटी लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन जाती है और कई बार जान भी चली जाती है।

उन्होंने बताया कि यह पहल आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है, जिससे यात्री सुरक्षित और सहज यात्रा कर सकें।

यात्रियों को दी गई अहम सुरक्षा सलाह

प्रदर्शनी के माध्यम से यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे:

प्लेटफॉर्म की पीली रेखा से दूर खड़े रहें।

ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय धक्का-मुक्की से बचें।

चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें।

ट्रेन के दरवाजे या पायदान पर खड़े/बैठे न रहें।

ट्रैक पार करना खतरनाक और दंडनीय

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को यह भी बताया कि:

समपार फाटक बंद होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें।

रेलवे ट्रैक पार करना जानलेवा होने के साथ-साथ दंडनीय अपराध भी है।

एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट या एस्केलेटर का ही उपयोग करें।

रेल प्रशासन की अपील

प्रयागराज मंडल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे नियमों का पालन करें और अपनी यात्रा को सुरक्षित बनाएं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की जागरूकता ही सुरक्षित रेल यात्रा की सबसे बड़ी कुंजी है।