उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने चुनार सहित पांच स्टेशनों का किया निरीक्षण

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने चुनार सहित पांच स्टेशनों का किया निरीक्षण

अमृत स्टेशन योजना के कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे चुनार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)राजकुमार वानखेडे, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गति शक्ति यूनिट एस.के. मिश्रा, मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/समन्वय अकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/समन्वय हरिमोहन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने चुनार स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म संरचना, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, साफ-सफाई व्यवस्था एवं दिव्यांगजन सुविधाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

इसके बाद महाप्रबंधक ने झिंगुरा स्टेशन का निरीक्षण कर वहां बन रहे नए गुड्स शेड की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही प्रयागराज?पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड के बीच चल रहे तीसरी लाइन कार्य के अंतर्गत झिंगुरा स्टेशन पर बन रही नई स्टेशन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया।

इसी क्रम में उन्होंने बिरोही स्टेशन का भी निरीक्षण किया, जहां नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ-साथ पैनल रूम, रिले रूम आदि का गहन अवलोकन किया गया।

महाप्रबंधक ने गैपुरा स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए महाप्रबंधक द्वारा इरादतगंज स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टेशन के संभावित विस्तार से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि छोटे स्टेशनों पर भी मूलभूत यात्री सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह निरीक्षण कार्यक्रम स्टेशनों के समग्र विकास, संरचनात्मक विस्तार एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।