उत्तर मध्य रेलवे ने पुल संख्या 136 की रीगर्डरिंग का चुनौतीपूर्ण कार्य किया सफल, शिकोहाबाद-फर्रूखाबाद रेलखंड को मिली बड़ी राहत

उत्तर मध्य रेलवे ने पुल संख्या 136 की रीगर्डरिंग का चुनौतीपूर्ण कार्य किया सफल, शिकोहाबाद-फर्रूखाबाद रेलखंड को मिली बड़ी राहत

काली नदी पर स्थित पुल के सभी 10 स्पानों में बदले गए स्टील गर्डर, बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे ने शिकोहाबाद-फर्रूखाबाद रेलखंड पर स्थित काली नदी के पुल संख्या 136 के पुनरुद्धार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के सभी 10 स्पानों की रीगर्डरिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस कार्य में आरडीएसओ (RDSO) के 18.3 मीटर मानक स्टील गर्डर का उपयोग किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि काली नदी में वर्षभर पानी का प्रवाह बना रहता है। इस कारण पुल पर कार्य करना कठिन और जोखिमपूर्ण था। कार्य को सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। जल स्तर नियंत्रित करने के बाद ही नदी तट पर 500 टन क्षमता वाली दो विशाल रोड क्रेनों को उतारकर गर्डर बदलने की प्रक्रिया पूरी की गई।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के पूर्ण होने से अब इस रेलखंड पर गति सीमा बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे ट्रेन संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध होगा, जिसका सीधा लाभ यात्रियों को मिलेगा।

यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रयागराज मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में संभव हो सकी। इस कार्य का सफल निष्पादन ब्रिज लाइन टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व उप मुख्य अभियंता (ब्रिज लाइन) श्री आई.पी.एस. यादव ने किया।

रीगर्डरिंग कार्य के दौरान प्रयागराज मंडल के इंजीनियरिंग, विद्युत एवं परिचालन विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सहयोग रहा, जिससे इस जटिल कार्य को अत्यंत सुरक्षित एवं सटीक तरीके से समय पर पूरा किया जा सका।

रेलवे प्रशासन ने इसे संरक्षा और अवसंरचना विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।