वंदे भारत में छूट गया iPhone… फिर जो हुआ, जानकर यात्री ही नहीं सब रह गए हैरान!

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ की ईमानदारी एक बार फिर सामने आई है। वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का कीमती आईफोन ट्रेन में छूट गया, जिसे टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित लौटाकर रेलवे की छवि को गौरवान्वित किया।

जानकारी के अनुसार 29 मार्च को ट्रेन संख्या 22488 (अमृतसर-दिल्ली) वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-12 कोच में सीट संख्या 30 पर टिकट चेकिंग स्टाफ शशि बाला को एक आईफोन मिला। उन्होंने बिना समय गंवाए अपने हैंड हेल्ड टर्मिनल की सहायता से अमृतसर से लुधियाना के बीच सीट संख्या 30 से 34 तक यात्रा करने वाले यात्रियों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया।

संपर्क करने पर पता चला कि संबंधित यात्री जल्दबाजी में उतरते समय अपना आईफोन ट्रेन में ही भूल गए थे। इस पर श्रीमती शशि बाला ने यात्री को आश्वस्त किया कि उनका मोबाइल पूरी तरह सुरक्षित है और वापसी में ट्रेन संख्या 22487 (दिल्ली-अमृतसर) वंदे भारत एक्सप्रेस में उन्हें लौटा दिया जाएगा।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत वापसी यात्रा में शशि बाला ने यात्री को उसका आईफोन सुरक्षित रूप से सौंप दिया। मोबाइल वापस पाकर यात्री अत्यंत प्रसन्न हुए और रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी व तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की निष्ठा, ईमानदारी और यात्रियों के प्रति जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने शशि बाला को प्रशंसा प्रमाण पत्र देने की घोषणा भी की, ताकि अन्य कर्मचारी भी इस प्रेरणादायक कार्य से सीख लेकर यात्रियों की सेवा में इसी तरह समर्पित रहें।