पश्चिम एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता, यात्री को लौटाया खोया बैग

फिरोजपुर,भारतीय रेलवे के टिकट चेकिंग स्टाफ ने पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन में एक यात्री का खोया हुआ बैग त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित वापस लौटाकर सराहनीय सामाजिक कर्तव्य निभाया।

जानकारी के अनुसार,25 मार्च को पश्चिम एक्सप्रेस (12925) में एक यात्री ने कोच संख्या A-2 में बांद्रा से मोहाली तक यात्रा की। मोहाली स्टेशन पर उतरते समय जल्दबाजी में यात्री का बैग ट्रेन में ही छूट गया। ट्रेन के आगे बढ़ जाने के बाद जब यात्री को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत रेलमदद के माध्यम से सहायता के लिए संपर्क किया।

रेलमदद शिकायत मिलने पर कमर्शियल कंट्रोल द्वारा ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात सीआईटी मनोज चौहान को संदेश भेजा गया।चौहान ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बैग की तलाश की और कुछ ही समय में बैग को खोजकर सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बैग को आगे की प्रक्रिया हेतु लुधियाना स्टेशन पर आरपीएफ को सौंप दिया गया।

आरपीएफ द्वारा बैग को यात्री को सौंपा गया, जिससे यात्री अत्यंत प्रसन्न हुआ और उन्होंने भारतीय रेलवे का धन्यवाद किया।

इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ श्री मनोज चौहान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के कारण यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा अनुभव मिलता है। साथ ही उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं भी सुनिश्चित करें।

रेलवे स्टाफ की यह तत्परता यात्रियों के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण है।