अमृतसर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई फूड वैन सेवा, यात्रियों को मिलेगा अब बेहतरीन खाना

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई फूड वैन सेवा, यात्रियों को मिलेगा अब बेहतरीन खाना

अमृतसर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक और सराहनीय पहल की है। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर अब फूड वैन सेवा की शुरुआत कर दी गई है, जिससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सकेगा।

सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को साफ-सुथरा, ताजा और किफायती भोजन मुहैया कराना है। अब यात्रियों को खाने-पीने के लिए स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि उन्हें प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में ही बेहतर विकल्प मिल जाएंगे।

नई फूड वैन सेवा के जरिए विभिन्न प्रकार के स्नैक्स, भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को अपनी पसंद के अनुसार खाने का विकल्प मिलेगा। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी राहत देने वाली साबित होगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस पहल से यात्रियों का अनुभव और भी बेहतर होगा तथा स्टेशन पर सुविधाओं का स्तर आधुनिक बनेगा। यात्रियों ने भी इस नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए इसे एक सकारात्मक और उपयोगी कदम बताया है।