पश्चिम एक्सप्रेस में मिला 13 वर्षीय बालक, टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से सुरक्षित आरपीएफ को सौंपा गया

फिरोजपुर। ट्रेन संख्या 12925 पश्चिम एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान मानवता और जिम्मेदारी की मिसाल देखने को मिली। कोच संख्या एस-2 में यात्रियों ने एक 13 वर्षीय बालक को अकेला देखकर इसकी सूचना टिकट चेकिंग स्टाफ श्री श्याम सुंदर को दी।

सूचना मिलते ही श्याम सुंदर ने तुरंत बालक को अपने पास सुरक्षित रखा और उससे बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। बालक ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ यात्रा कर रहा था, लेकिन भीड़ और अन्य कारणों से उनसे बिछड़ गया। उसने यह भी बताया कि उसे पानीपत रेलवे स्टेशन पर उतरना था, लेकिन अब वह रास्ता भटक गया है।

यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने बालक को सुरक्षित रूप से करनाल रेलवे स्टेशन पर उतारा और वहां उपस्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एएसआई राजेश कुमार एवं कांस्टेबल राकेश कुमार को सौंप दिया, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी कर बालक को उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि रेलकर्मियों की ऐसी सजगता यात्रियों के प्रति रेलवे की संवेदनशीलता को दर्शाती है और यह कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।