फिरोजपुर मंडल चिकित्सालय में फ्राइब्रोस्कैन जांच शिविर आयोजित, मरीजों को मिली निःशुल्क सुविधा

फिरोजपुर। मंडल चिकित्सालय, फिरोजपुर में 28 मार्च को जिगर (लीवर) की गहन जांच के लिए फ्राइब्रोस्कैन टेस्ट का विशेष शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के मार्गदर्शन में तथा अमनदीप हॉस्पिटल के सहयोग से लगाया गया।

शिविर के दौरान मरीजों की फ्राइब्रोस्कैन जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। सामान्यतः बाजार में इस जांच की कीमत लगभग ₹4000 होती है, लेकिन शिविर में यह सुविधा बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई गई। शिविर का लाभ बड़ी संख्या में मरीजों ने उठाया।

इस शिविर के सफल आयोजन में डॉ. तनु अग्रवाल, डॉ. कमल कुमार और डॉ. हितेंद्र सहगल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चिकित्सकों के अनुसार फ्राइब्रोस्कैन एक आधुनिक तकनीक आधारित जांच है, जिससे लीवर की स्थिति का सटीक आकलन किया जाता है और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव होती है।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आमजन और कर्मचारियों को उन्नत, सुलभ और किफायती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।