फिरोजपुर: “रेलवन ऐप” यात्रियों के बीच तेजी से बन रहा लोकप्रिय डिजिटल साथी

फिरोजपुर। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित "रेलवन ऐप"अब तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय होता जा रहा है। डिजिटल युग में यह ऐप यात्रियों के लिए एक स्मार्ट ट्रैवल साथी के रूप में उभर रहा है, जो यात्रा से जुड़ी लगभग सभी आवश्यक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है।

रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री अब अपने मोबाइल फोन पर ही आरक्षित (PRS) और अनारक्षित (UTS) दोनों प्रकार के टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप में ट्रेन पूछताछ, पीएनआर स्टेटस, लाइव ट्रेन रनिंग जानकारी, प्लेटफॉर्म सूचना और रेलमदद जैसी सुविधाएं भी एकीकृत रूप में उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती।

इस ऐप की सबसे खास विशेषता इसका सिंगल लॉगिन सिस्टम है, जिसके जरिए उपयोगकर्ता एक ही जगह से सभी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। साथ ही, इसमें आधुनिक सुरक्षा और गोपनीयता उपाय भी शामिल किए गए हैं, जिससे यात्रियों का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा ट्रेनों में यात्रियों को रेलवन ऐप के फायदों के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। यह पहल यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने और उनकी यात्रा को अधिक सरल व सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि रेलवन ऐप के जरिए अब यात्रा की योजना बनाना पहले से कहीं अधिक आसान, तेज और सुरक्षित हो गया है।