फिरोजपुर डीआरएम कार्यालय में शुरू हुई स्टाफ कैंटीन/कैफेटेरिया सुविधा

फिरोजपुर डीआरएम कार्यालय में शुरू हुई स्टाफ कैंटीन/कैफेटेरिया सुविधा

कर्मचारियों को मिलेगा स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण व किफायती भोजन, बढ़ेगी कार्यक्षमता

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा कर्मचारियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार और कार्यस्थल को अधिक अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में फिरोजपुर कैंट स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कर्मचारियों के लिए स्टाफ कैंटीन/कैफेटेरिया की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह कैंटीन/कैफेटेरिया रेलवे बोर्ड की एन.एफ.आर. नीति (ए.एन.ओ. कॉन्सेप्ट) के अंतर्गत स्थापित की गई है। इसका संचालन रेलवे बोर्ड की निर्धारित नीतियों के अनुरूप किया जा रहा है और इसे तीन वर्षों के अनुबंध के आधार पर संचालित किया जाएगा।

इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य डीआरएम कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती खानपान उपलब्ध कराना है। कैंटीन शुरू होने से अब कर्मचारियों को कार्यालय परिसर में ही ताजे एवं पौष्टिक भोजन की सुविधा आसानी से मिल सकेगी। इससे न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि कार्य के प्रति उनकी उत्पादकता और संतुष्टि में भी सकारात्मक वृद्धि होगी।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर संजीव कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की सुविधा और कल्याण रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्टाफ कैंटीन/कैफेटेरिया की यह पहल कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण देने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध होगा और कार्यस्थल पर उनका अनुभव अधिक सहज एवं संतोषजनक बनेगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इसी प्रकार की योजनाएं लगातार लागू की जाती रहेंगी।