अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगा नया अनुभव, जल्द खुलेगी टेक्सटाइल की दुकान

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगा नया अनुभव, जल्द खुलेगी टेक्सटाइल की दुकान

अमृतसर। रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब अमृतसर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही टेक्सटाइल की दुकान शुरू होने जा रही है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों को कपड़ों की खरीदारी के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस पहल की शुरुआत सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी द्वारा की गई है। उनका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। टेक्सटाइल दुकान के खुलने से खासकर पर्यटक और श्रद्धालु, जो स्वर्ण मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में अमृतसर पहुंचते हैं, उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।

रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस नई सुविधा से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि स्टेशन पर एक आधुनिक और उपयोगी माहौल भी विकसित होगा। यह पहल रेलवे स्टेशनों को मल्टी-सुविधा केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यात्रियों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में ऐसी और सुविधाएं भी स्टेशन पर उपलब्ध कराई जाएंगी।