ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर: गेवरारोड–पेंड्रा रोड नई रेल लाइन निर्माण में बड़ी प्रगति, नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य सफल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बहुप्रतीक्षित ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर परियोजना के तहत गेवरारोड से पेंड्रा रोड के बीच नई रेल लाइन निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा संचालित इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 135 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा।

इसी क्रम में पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर नई लाइन की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए रविवार को नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस कार्य के लिए करीब 6 घंटे का ब्लॉक लिया गया, जिसके दौरान सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में काम संपन्न कर लिया गया।

परियोजना के तहत गेवरारोड और पेंड्रा रोड दोनों ओर के कुछ हिस्सों में रेल लाइन निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष खंडों में तेजी से कार्य जारी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही माल परिवहन में तेजी आएगी और यात्रियों को अधिक सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा इस परियोजना को सुरक्षित और निर्धारित समय में पूरा करने के लिए लगातार समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।