दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, टिकट दलालों, नशा तस्करों और अवैध वेंडरों पर कसा शिकंजा

यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसंपत्तियों की रक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत की गई प्रभावी कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जो आरपीएफ की सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

अवैध टिकट दलाली के खिलाफ ?ऑपरेशन उपलब्ध? के तहत आरपीएफ ने कड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2024 में 331 दलालों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 1.27 करोड़ रुपये के टिकट बरामद किए। वहीं वर्ष 2025 में 277 दलालों को पकड़कर लगभग 62.10 लाख रुपये के टिकट जब्त किए गए। वर्ष 2026 में अब तक 57 दलालों की गिरफ्तारी कर करीब 12 लाख रुपये के टिकट बरामद किए जा चुके हैं। इन सभी मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है, जिसमें अधिकतम तीन वर्ष की सजा का प्रावधान है।

मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ?ऑपरेशन नारकोस? के तहत भी आरपीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में विशेष टीमों के गठन के साथ सीआईबी और एसआईबी की मदद से लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्ष 2025 में 63 मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर 713.522 किलोग्राम मादक पदार्थ (करीब 1.70 करोड़ रुपये मूल्य) जब्त किए गए। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 24 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 341.745 किलोग्राम मादक पदार्थ (लगभग 1.71 करोड़ रुपये मूल्य) बरामद किए गए हैं। पिछले तीन वर्षों में इस अभियान के तहत कुल 5.30 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त कर 283 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके साथ ही यात्री ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में अवैध वेंडरों के खिलाफ भी सघन अभियान जारी है। वर्ष 2025 में 13,709 और वर्ष 2026 में अब तक 2,941 अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। इन मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत कार्रवाई की गई, जिसमें अधिकतम एक वर्ष की सजा का प्रावधान है। साथ ही वर्ष 2025 में करीब 85 लाख रुपये और वर्ष 2026 में अब तक लगभग 11 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे इन अभियानों से रेलवे परिसरों में सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ को दें और सुरक्षित व सुगम यात्रा में सहयोग करें।