अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलेगी नई सुविधा, सैलून कियोस्क और टेक्सटाइल स्टोर शुरू

अमृतसर। भारतीय रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक नई पहल की है। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहली बार सैलून सेवा कियोस्क और टेक्सटाइल स्टोर की स्थापना के लिए ई-ऑक्शन के माध्यम से ठेके आवंटित किए गए हैं।

इस पहल के तहत अब यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही कई उपयोगी और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्री अब सैलून कियोस्क पर हेयरकट, शेविंग सहित अन्य ग्रूमिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे उनका समय भी बचेगा और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।

वहीं, टेक्सटाइल स्टोर पर यात्रियों को कपड़े और यात्रा से जुड़ा जरूरी सामान आसानी से मिल सकेगा। यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगी, जो अचानक यात्रा पर निकलते हैं या जिन्हें सफर के दौरान आवश्यक वस्तुओं की जरूरत पड़ती है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए परमदीप सिंह सैनी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को आरामदायक, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह कदम यात्रियों की जरूरतों और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

रेलवे की इस पहल से अमृतसर स्टेशन पर यात्रियों का अनुभव और अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनने की उम्मीद है।