ओढ़गी पंचायत में ख़बर का असर: दुर्गम बदबू से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

बैकुंठपुर। जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत ओढ़गी में नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब ज़मीन पर दिखने लगा है। लंबे समय से अधूरे और खराब गुणवत्ता वाले नाली निर्माण कार्य से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिलनी शुरू हो गई है। खबर प्रकाशित होने के बाद जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग ने संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ओढ़गी में नाली निर्माण कार्य कुछ माह पूर्व शुरू किया गया था, लेकिन बीच में ही कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। कई स्थानों पर नाली की ढलाई कमजोर होने और पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से घरों का गंदा पानी जमा होने लगा था। इससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी और ग्रामीणों को रोजाना दुर्गम बदबू व गंदगी का सामना करना पड़ रहा था।स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार पंचायत स्तर पर शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं होने पर मामला सार्वजनिक किया गया। खबर प्रकाशन के बाद प्रशासनिक अमले और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों में मरम्मत कार्य शुरू कराया गया तथा अधूरे पड़े निर्माण को पूरा करने की पहल की गई।ग्रामीणों ने बताया कि नाली की सफाई और मरम्मत शुरू होने से अब गंदा पानी बहने लगा है और बदबू में काफी हद तक कमी आई है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी समस्या न हो।ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ध्यान दिए जाने से बड़ी समस्या टल गई। वहीं प्रशासन से मांग की गई है कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।खबर के सकारात्मक असर से ग्रामवासियों में संतोष का माहौल है और वे इसे जनहित में मीडिया की भूमिका का परिणाम मान रहे हैं।