कोरिया जिले में हैन्डलूम हैंडीक्राफ्ट एवं व्यापार मेला का भव्य शुभारम्भ

बैकुंठपुर। कोरिया जिले में गंगा श्री सिम्प्लेक्स के बगल में आयोजित हैन्डलूम, हैंडीक्राफ्ट एवं व्यापार मेला का भव्य शुभारम्भ किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि आस्तिक शुक्ला द्वारा भगवान श्री गणेश को पुष्प अर्पित कर एवं फीता काटकर विधिवत किया गया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, व्यापारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मेले में एक ही छत के नीचे विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों और व्यापारियों द्वारा आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां पारंपरिक हस्तकरघा वस्त्र, हस्तशिल्प सामग्री, सजावटी सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, आभूषण, खिलौने तथा अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री उचित दामों पर उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य अतिथि आस्तिक शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मेले स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ कारीगरों को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की। मेले में सुरक्षा, स्वच्छता एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे मेला स्थल पर उत्सव का माहौल बना हुआ है।यह मेला क्षेत्रवासियों के लिए खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। आयोजकों ने बताया कि मेला निर्धारित तिथि तक प्रतिदिन सुबह से रात तक खुला रहेगा।