मझगवां सरपंच पर 15वें वित्त से हैंडपंप खनन में गड़बड़ी का लगा आरोप, उपसरपंच ने कलेक्टर से की जांच की मांग

बैकुंठपुर । जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगांवा में 15वें वित्त आयोग की राशि से हैंडपंप खनन के नाम पर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच तिलासो बाई पर बिना कार्य कराए राशि आहरण करने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप पंचायत के उपसरपंच द्वारा लगाया गया है, जिन्होंने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर कोरिया से करते हुए विधिवत जांच और कार्रवाई की मांग की है शिकायतकर्ता उपसरपंच ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम पंचायत मझगांवा में 15वें वित्त मद से हैंडपंप खनन कार्य के नाम पर 1 लाख 18 हजार 200 रुपये की राशि आहरित की गई है। जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि उक्त वित्तीय वर्ष में ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक भी हैंडपंप का खनन कार्य नहीं कराया गया है।उपसरपंच का कहना है कि यदि बिना कार्य कराए राशि निकाली गई है तो यह शासकीय धन के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत के अभिलेख, मस्टर रोल, तकनीकी स्वीकृति, कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र एवं स्थल निरीक्षण के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।मामले को लेकर ग्रामवासियों में भी चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कार्य हुआ है तो स्थल पर उसका प्रमाण होना चाहिए, अन्यथा संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए।इस संबंध में जनपद पंचायत के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यदि प्राथमिक जांच में अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में किस प्रकार की जांच करता है और क्या तथ्य सामने आते हैं।