मुख्यमंत्री आगमन पर मीडिया के सवालों से बचते नजर आए, कांग्रेस ने वीडियो किया ट्रोल

बैकुंठपुर।बैकुंठपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगमन पर एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसको लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिए बिना मुख्यमंत्री के आगे बढ़ जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो में देखा जा सकता है कि पत्रकारों द्वारा स्थानीय मुद्दों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रश्न पूछे जा रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री बिना प्रतिक्रिया दिए कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ गए। इस घटना को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए तंज कसा और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री जनता और मीडिया के सवालों से बच रहे हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया के सवालों का जवाब देना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी होती है।वहीं भाजपा समर्थकों का कहना है कि कार्यक्रम का समय निर्धारित था और सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री को सीधे मंच की ओर ले जाया गया। उनका दावा है कि मीडिया से चर्चा का अलग समय तय किया जाता है।घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।