बोर्ड परीक्षा 2025-26 हेतु गोपनीय सामग्री का वितरण दसवीं में 2701 एवं बारहवीं में 2324 विद्यार्थियों का पंजीयन।

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशानुसार हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा सत्र 2025-26 के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण संपन्न किया गया।गोपनीय सामग्री का वितरण शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में मंडल के प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन कोरिया के अधिकारियों की उपस्थिति में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। जिले के कुल 25 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत विधिवत रूप से प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री सुपुर्द की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्र 2025-26 में जिले से कक्षा 10वीं के 2701 तथा कक्षा 12वीं के 2324 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। बारहवीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी, जबकि दसवीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी 2026 से शुरू होगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने एवं परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, निगरानी एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।