कोरिया जिले के जगदीशपुर में वन भूमि पर अवैध ईंट भट्टा संचालन, विभागीय चुप्पी पर उठे सवाल सूत्र 

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से ईंट भट्टों के संचालन का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के ईंट भट्टे संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भट्टों के संचालन से न केवल वन क्षेत्र को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लगातार मिट्टी की खुदाई, पेड़ों की कटाई और धुएं के कारण आसपास के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वन संरक्षण नियमों के तहत संरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का व्यावसायिक उपयोग बिना अनुमति अवैध माना जाता है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित ईंट भट्टों के पास न तो पर्यावरणीय स्वीकृति के दस्तावेज हैं और न ही वन भूमि उपयोग परिवर्तन की अनुमति। इसके बावजूद लंबे समय से संचालन जारी है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। वहीं इस संबंध में जब वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और वन संपदा की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।