भारत-पाकिस्तान टी-20 मुकाबले को लेकर हरदोई में उत्साह, टीम इंडिया की जीत के लिए की गई दुआ, आरिफ खान शानू ने कहा जीतेगी टीम

हरदोई। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर जनपद में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच से पहले शहर में अलग-अलग स्थानों पर क्रिकेट प्रेमियों में जोश और उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने समाजसेवी आरिफ खान शानू के नेतृत्व में भारतीय टीम की जीत के लिए दुआ की।
दुआ कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अल्लाह से टीम इंडिया की कामयाबी की प्रार्थना करते हुए कहा कि भारत की टीम हमेशा की तरह इस बार भी शानदार प्रदर्शन करेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी बेहतरीन खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को कड़ी टक्कर देंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।
समाजसेवी आरिफ खान शानू ने कहा कि क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि देश की भावनाओं से जुड़ा विषय है। जब भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होता है तो पूरे देश की नजरें इस मैच पर टिकी रहती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के खिलाड़ी मेहनती और प्रतिभाशाली हैं, इसलिए देशवासियों को उनकी जीत की पूरी उम्मीद है।
उन्होंने अल्लाह से दुआ करते हुए कहा कि इंशाअल्लाह भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत हासिल करेगी और देशवासियों को खुश होने का मौका मिलेगा। हरदोई में आज के मैच को लेकर सभी समुदायों के लोगों में उत्साह का माहौल है और लोग मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।