बावन चौकी के पास नाबालिग के अपहरण से सनसनी, हरदोई में ढाई घंटे बाद पेट्रोल पंप के पास छोड़ा, रात में बारात देखने गई थी

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के बावन पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर नाबालिग बालिका के अपहरण की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार बालिका घर के बाहर स्थित एक गेस्ट हाउस में बारात देखने गई थी, तभी देर रात कुछ युवक उसे कार में डालकर ले गए।
परिजनों को घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज वरुण शुक्ला ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई। आरोप है कि करीब ढाई घंटे बाद युवक बालिका को एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए।
बालिका के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने खुद ही आवेदन लिखवाया और उन्हें बेटी से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने खुद को ही नाबालिग की संरक्षक की तरह प्रस्तुत करते हुए परिजनों को दूर रखा।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि परिजनों का कहना है कि घटना में चार लोग शामिल थे और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।