हरदोई में दो पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, बेटे ने पोस्ट कर की कार्रवाई की मांग, लिखा- पिता की जान को खतरा

हरदोई। जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बिहगवां गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के पुरुष और महिलाएं एक-दूसरे से भिड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामले में एक पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी बीच सत्यदेव मिश्रा के बेटे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
उसने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया है कि उसके पिता की जान को खतरा है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर घटना हो सकती है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें।