पिहानी की डॉ. आमिना सुल्तान ज़ैदी ने यूपीएससी सेंट्रल हेल्थ सर्विसेज़ में पाई सफलता, हरदोई जिले का नाम किया रोशन, बालिकाओं को दिया शिक्षा हासिल करने का संदेश

हरदोई। पिहानी कस्बे की रहने वाली डॉ. आमिना सुल्तान ज़ैदी उर्फ जोना ने यूपीएससी की केंद्रीय स्वास्थ्य सेवाओं (मंत्रालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, भारत सरकार) में चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है। उनके चयन की खबर मिलते ही पिहानी समेत पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। सेंट जेम्स स्कूल के फादर लैंसी रेगो, शिक्षक जो जो पैकड़ा और संजय शर्मा ने उन्हें इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी।
स्वर्गीय सैयद अली नवाब ज़ैदी की पुत्री डॉ. आमिना का बचपन पिहानी में बीता और उन्होंने सेंट जेम्स स्कूल, हरदोई से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2004 में उन्होंने हाईस्कूल में जिला टॉप किया था। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, एएमयू अलीगढ़ से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्होंने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज, हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड रिसर्च, नई दिल्ली और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दी। उनके पास नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन द्वारा प्रदान की गई डीएनबी की उपाधि भी है।
डॉ. आमिना के दो भाई अकबर ज़ैदी और कामरान ज़ैदी पारिवारिक व्यवसाय संभाल रहे हैं, जबकि उनके पति सैयद वासिफ हैदर दिल्ली में एडिशनल कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। वह इस चयन प्रक्रिया में चुने गए चार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों में शामिल रही।
डॉ. आमिना ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और माता-पिता के आशीर्वाद से बिना कोचिंग के स्वाध्याय के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने खास तौर पर पिहानी की बालिकाओं से शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।