स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत रामपुर में 15वें वित्त से लगा कंटेनर, स्वच्छता पर उठे सवाल

बैकुंठपुर।स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर में 15वें वित्त आयोग की राशि से कचरा संग्रहण हेतु लगाए गए कंटेनर की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। लाखों रुपये की लागत से लगाए गए इस कंटेनर का उद्देश्य गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना था, लेकिन वर्तमान हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि कंटेनर नियमित रूप से खाली नहीं किया जा रहा है, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। कई स्थानों पर कचरा कंटेनर के बाहर फैला हुआ देखा गया, जिससे स्वच्छ भारत मिशन की मंशा पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर कचरा उठाव और निगरानी नहीं होगी तो योजना का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पाएगा। कुछ ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कंटेनर लगाने के बाद प्रारंभिक दिनों में सफाई व्यवस्था ठीक थी, लेकिन अब जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। पंचायत प्रतिनिधियों से इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, परंतु अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कैसे देता है।