ग्राम पंचायत सागरपुर में रिटर्निंग वॉल निर्माण में भारी अनियमितता, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के ग्राम पंचायत सागरपुर में कराए जा रहे रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और तकनीकी मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। मौके पर किए गए अवलोकन में निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद कमजोर प्रतीत हो रही है, जिससे भविष्य में दीवार की मजबूती और क्षेत्र की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।स्थल पर की गई खुदाई असमान पाई गई है। रिटर्निंग वॉल के फाउंडेशन में आवश्यक पीसीसी (Plain Cement Concrete) की परत स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही है, जबकि तकनीकी मानकों के अनुसार यह अनिवार्य है। इसके अलावा सरिया बिछाने में भी अनियमितता देखी गई है। सरिया की दूरी, एलाइनमेंट और मजबूती मानक के अनुरूप नहीं दिखाई दे रही, जिससे दीवार की संरचनात्मक मजबूती पर प्रश्नचिह्न लग गया है।निर्माण स्थल पर शटरिंग और साइड सपोर्ट की व्यवस्था भी कमजोर नजर आई। पहाड़ी एवं ढलान वाले क्षेत्र में रिटर्निंग वॉल का निर्माण विशेष सावधानी और मजबूत तकनीकी व्यवस्था के साथ किया जाना आवश्यक होता है, लेकिन यहां सुरक्षा मानकों का पालन होता नहीं दिख रहा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि इसी तरह कार्य जारी रहा तो बरसात के मौसम में दीवार के धंसने या गिरने का खतरा बना रहेगा, जिससे जान-माल की क्षति हो सकती है। साथ ही यह कार्य सरकारी धन की बर्बादी साबित हो सकता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी अमला निर्माण कार्य की नियमित निगरानी नहीं कर रहे हैं। लोगों ने जनपद पंचायत, संबंधित इंजीनियर और जिला प्रशासन से मांग की है कि रिटर्निंग वॉल निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए और मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बेहद जरूरी है। यदि समय रहते इस निर्माण कार्य की जांच कर सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में इसका खामियाजा पूरे गांव को भुगतना पड़ सकता है।