कोरिया पुलिस ने जारी किया पोस्टर, सार्वजनिक स्थल पर बर्थडे मनाना गैरकानूनी

बैकुंठपुर। कोरिया जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक जागरूकता पोस्टर जारी किया है। पोस्टर के माध्यम से आम नागरिकों को सूचित किया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति बर्थडे मनाना गैरकानूनी है।पुलिस के अनुसार, सड़कों, चौराहों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर केक काटना, भीड़ इकट्ठा करना, तेज आवाज में संगीत बजाना और यातायात बाधित करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। कोरिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। पोस्टर में यह भी उल्लेख किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना या अन्य वैधानिक कार्रवाई हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपना जन्मदिन या अन्य व्यक्तिगत कार्यक्रम निजी स्थानों या पूर्व अनुमति लेकर ही मनाएं, ताकि किसी को असुविधा न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे।इस पहल को लेकर नागरिकों में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा