प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने केंद्रीय बजट की विशेषताएं गिनाई, बोले- विकसित भारत के संकल्प को गति देगा बजट, यूपी को दिखाएगा नई दिशा

हरदोई। प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तर प्रदेश के विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने वाला बजट है। यह बजट प्रदेश को इन्फ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, कृषि और युवाओं का ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
उन्होंने बताया कि देश में घोषित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और रेलवे आधुनिकीकरण का बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा। इससे लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार को गति मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग, लॉजिस्टिक्स और फ्रेट कॉरिडोर पर जोर से प्रदेश लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरेगा।
एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड बनाया गया है, जिससे कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हैंडलूम, चमड़ा और फूड प्रोसेसिंग को मजबूती मिलेगी। बायोफार्मा शक्ति योजना से मेडिकल डिवाइस और फार्मा निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। वहीं पिछड़े जिलों में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कृषि क्षेत्र में एआई आधारित प्लेटफॉर्म से किसानों को फसल, मौसम और बाजार की जानकारी मिलेगी। वाराणसी में इनलैंड वॉटरवे शिप रिपेयर इकोसिस्टम बनने से रोजगार बढ़ेगा। 36 जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट से इलाज सस्ता होगा।
हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, स्कूलों और कॉलेजों में नई तकनीकी लैब, पर्यटन क्षेत्र में टूर गाइड प्रशिक्षण और औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।