ऐतिहासिक राम बारात में मंत्री नितिन अग्रवाल ने की आरती, हरदोई शहर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, परंपरा व आस्था का दिखा संगम

हरदोई। जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान से निकलने वाली श्रीरामलीला की भव्य बारात में इस वर्ष भी परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने श्रीराम और माता जानकी की आरती कर बारात को विधिवत रवाना किया। करीब 120 वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक रामलीला मेला परंपरा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
रामलीला मैदान से निकली बारात शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों से होकर गुजरी। बारात में आकर्षक झांकियों, ऊंटों और हाथियों ने शोभा बढ़ाई, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। कई स्थानों पर सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने बारात का स्वागत कर पुष्प वर्षा की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
रामलीला मेला कमेटी के आयोजक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला ने बताया कि यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। मेले में लगने वाली नुमाइश और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सभी समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
इस अवसर पर अमरेन्द्र नाथ मिश्रा, केडी शुक्ला, अमित बाजपेई, मनोज शुक्ला, प्रियम मिश्रा, अमित त्रिवेदी रानू, जिला पंचायत सदस्य सचिन मिश्रा, गौरव शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष मुदित बाजपेई, पुनीत दीक्षित सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भव्य झांकियों ने ऐतिहासिक राम बारात को यादगार बना दिया।