खेरागढ़ में एलईडी पर देखा गया बजट 2026, आम आदमी-किसान-युवाओं के लिए विकास की भव्य रूपरेखा

खेरागढ़। संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर खेरागढ़ में खासा उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। नगर पंचायत खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने अपने कैंप कार्यालय पर क्षेत्रवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एलईडी स्क्रीन के माध्यम से बजट भाषण को लाइव देखा और सुना। बजट के दौरान विकास, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा, ?यह बजट आम नागरिक, किसान, युवा, मरीज और छोटे व्यापारियों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसमें विकास के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है। स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्र में की गई घोषणाएं देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।?

बजट में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे कर व्यवस्था में स्थिरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी राहत देते हुए कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाइयों को कस्टम ड्यूटी से मुक्त किया गया है। इसके साथ ही 1.5 लाख मेडिकल केयर टेकरों को प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की योजना बनाई गई है।

रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार टूरिस्ट गाइड को प्रशिक्षित करने तथा देशभर के छोटे-छोटे तीर्थ स्थलों के विकास की घोषणा की गई है। ऊर्जा क्षेत्र में सोलर से जुड़ी वस्तुओं को सस्ता करने से आम लोगों और किसानों को बिजली खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।

कृषि क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक तकनीक, सोलर सिंचाई और फसल के बाद होने वाले नुकसान को कम करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही चमड़ा और कपड़ा उद्योग के निर्यात को सस्ता कर कारीगरों और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन दिया गया है।

बजट में 1 करोड़ रुपये तक की अघोषित आय पर दंड के बजाय जुर्माने का प्रावधान कर कर व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक बनाया गया है। वहीं 3 आयुर्वेदिक एम्स और 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा से स्वास्थ्य और परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति की उम्मीद जताई जा रही है।

कैंप कार्यालय पर मौजूद लोगों ने बजट को भव्य, दूरदर्शी और जनहितकारी बताते हुए कहा कि यह बजट गांव, किसान, युवा और आम आदमी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कृष्णा गर्ग, रेलवे सदस्य और वरिष्ठ पत्रकार महेश गर्ग, नगर मंडल अध्यक्ष कपिल जिंदल और देहात मंडल अध्यक्ष पवन सिकरवार, लाखन सिंह, रक्षपाल सिंह, बंटी गर्ग सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।